सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

जन्म से सवाल तक: एक लड़की होने की कीमत


सबसे पहले मैं ये बता देना चाहती हूं कि ये ब्लॉग मेरी या किसी एक लड़की की ज़िंदगी पर आधारित नहीं है। ये बहुत सारी लड़कियों के अनुभवों का मिश्रण है।


और ये भी बता देना चाहती हूं कि इस ब्लॉग में लड़की की ज़िंदगी के स्ट्रगल लिखे हैं, इसका मतलब ये नहीं कि मैं समझती हूं कि लड़कों की ज़िंदगी में स्ट्रगल नहीं होते। बिल्कुल होते हैं। उन पर भी चर्चा करेंगे, मगर कभी और। आज बात लड़कियों की होगी।

चलिए फिर शुरू करते हैं, दिल से दिल तक की बात... जो सीधा मेरे दिल से निकलेगी और मेरे पाठकों के दिल तक पहुंचेगी।

---

*एक लड़की होना आसान नहीं है।*  
ये तो आप सबने कई बार सुना होगा। कभी सोचा है क्यों?

आप कहेंगे क्योंकि लड़कियों को वो प्यार और इज़्ज़त नहीं मिलती समाज में। वो कई बुरी नज़रों और बुरे हादसों का शिकार हो जाती हैं। समाज उन पर कई दबाव बनाता है। उन्हें पढ़ाया नहीं जाता। अपने फैसले लेने का हक नहीं होता। वगैरह वगैरह...

ये हम सब जानते हैं। मगर इसके अलावा भी बहुत कुछ है।

*एक लड़की का पैदा होना ही सवाल है।*  
माँ की तरफ उठने वाली नज़रों का - "अगला बच्चा बेटा हो जाए तो अच्छा होगा"  
पिता की तरफ - "अब इसकी शादी के लिए पैसे जमा करने होंगे"  
घरवालों की तरफ - "इसे इतना पढ़ाना होगा कि अच्छा रिश्ता मिल जाए। इतना काम सिखाना होगा कि कोई इसकी माँ की परवरिश पर सवाल न उठाए"  

सगे रिश्तेदारों का सवाल - "सुंदर हो तो अच्छा है वरना रिश्ता ढूंढना मुश्किल होगा"  
समाज का सवाल - "इसे कितनी आज़ादी देनी है कि ये अच्छी लड़की भी कहलाती रहे और ज़्यादा ऊंची उड़ान भी न भर पाए"  
"कहीं इसका करियर इसकी शादी में रोड़ा न बन जाए"  
"कहीं ये फेमिनिस्ट सोच वाली न निकल जाए"  
"कहीं ये इतनी ज़्यादा समझदार न हो जाए कि समाज के रीति-रिवाज़ों पर सवाल उठाने लगे"

*उसके बाद शुरू होती है उसके बाहर निकलने की कहानी।*

जब बाहर निकलती है तो हज़ारों नज़रें उसे देखती हैं।  
अगर पर्दे में है तो "बेचारी को अधिकार नहीं है" - भले पर्दा उसने खुद की खुशी से किया हो।  
और अगर पर्दे में नहीं है तो "कुछ ज़्यादा ही आज़ाद है"।

अगर अच्छा पढ़ रही है तो - "इतना पढ़-लिखकर क्या करेगी? आगे जाकर तो घर ही संभालना है"  
और अगर ज़्यादा पढ़ गई तो - "इसके बराबरी के रिश्ते नहीं मिलेंगे"।

इन सब से लड़कर जब कहीं जॉब करने जाती है तो वहां भी सत्रह सवाल।  
वर्कप्लेस पर कैसी है? किसके साथ रहती है? कैसे जाती है? कब वापस आती है? कितना कमाती है?  
हर चीज़ पर लोगों की नज़र रहती है। और अगर जॉब नहीं कर रही तो - "इतना पढ़-लिखकर घर बैठी है"।

ऑफिस में भी उसे मेल स्टाफ से ज़्यादा काम करना पड़ता है और सैलरी कम मिलती है। ये कोई सुनी-सुनाई बात नहीं है, ये मेरा खुद का अनुभव है।  
उसे कई जगहों पर जवाब देना होता है जबकि मेल स्टाफ को वो सवाल कभी फेस नहीं करने पड़ते।

कई लड़कियों ने ये भी बताया कि कुछ रिश्ते तो सिर्फ इस लालच में आते हैं कि "इतने साल जॉब की है तो पैसा जोड़ा होगा। अच्छा खासा कैश मिलेगा दहेज़ में"। या फिर "डबल इनकम हो जाएगी"।

ये सब होने के बाद भी इस समाज को चैन नहीं आता।  
घर में, ऑफिस में, सड़क पर, दुकानों पर, मॉल में, हॉस्पिटल में, सोशल मीडिया पर...  
यहां तक कि पूरे पर्दे और घूंघट में रहने के बाद भी उन्हें कई ऐसी चीज़ें बर्दाश्त करनी पड़ती हैं जो सिर्फ इसलिए उनके साथ होती हैं क्योंकि वो एक लड़की हैं।

और दुख की बात ये है कि उनके साथ ये सब करने वालों में सिर्फ मर्द शामिल नहीं हैं। ज़्यादा खुद औरतें ही शामिल हैं।  
पता नहीं खुद इतना कुछ सहकर दूसरी औरत या लड़की के साथ ज़्यादती करने की हिम्मत कहां से आ जाती है।

ये सब बहुत कम लिखा है क्योंकि लिखने को इतना कुछ है कि एक ब्लॉग में सब लिख पाना संभव नहीं है।

---

*अब आप बताइए*  
आपके अनुभव क्या हैं? आपने क्या सहा और क्या सीखा?  
अपने अनुभव हमसे साझा कीजिए। फिर हम इस ब्लॉग का नेक्स्ट पार्ट लिखने की कोशिश करेंगे।

*आप अकेली नहीं हैं। हम साथ हैं। ❤️*



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

एक रिश्ता ऐसा भी...

सलाम दोस्तों! आज एक ऐसे विषय पर लिख रही हूँ कि शायद सभी को ऐसा लगे कि ये उनके बारे में ही लिखा गया हो जैसे। दोस्तों मैं चाहूंगी कि ये पढ़ने के बाद आप सभी अपने अनुभव और राय जरूर दें। दोस्तों! बात कुछ ऐसी है कि अचानक किसी का मिल जाना, मिलकर फिर बिछड़ जाना और हज़ारों यादें दे जाना।  पढ़ने में आसान था न? पर असल जिंदगी में बहुत मुश्किल है इन दो वाक्यों के बीच की दूरी तय कर पाना। जि़दगी के उस मोड़ पर जहाँ हम अकेले सब खुद कर सकते हैं तब हमें कोई मिल जाता है। न! लड़कियों ये मत सोचना कि किसी लड़के की ही बात कर रही हूँ और लड़को ये मत सोचना कि किसी लड़की की ही बात कर रही हूँ। वो कोई भी हो सकता है। कोई दोस्त, सहपाठी, या फिर कोई अनजान ही। हमें जीवन में अक्सर जब हम अकेले ही मस्ती से जी रहे होते हैं तब कोई आकर हमे अपनी आदत  डाल देता है। हम हर एक बात के लिए उस पर निर्भर हो  जाते हैं। हमारे खान-पान से लेकर हम कहाँ जाते हैं, किससे मिलते हैं, सब कुछ उन्हें पता होता है। और तो और हमारी पसंद-नापसन्द भी बदल जाती है। (कुछ लोग इसे बर्बाद होना भी कहते हैं) मगर फिर भी हम खुशी खुशी बदल ज...

तोल मोल के बोल

सलाम दोस्तों! आज मैं अपने ही अनुभव से एक विषय पर लिखने जा रही हूँ। विषय आप ऊपर देखकर समझ ही होंगे- तोल मोल के बोल अर्थात जो बोल रहे हैं उन शब्दों का चुनाव सोच समझ कर करें। कई बार हमारी कही हुई एक छोटी सी बात किसी का दिल दुखा देती है। पहले सोचो फिर बोलो। यह कहावत हमारी भलाई के लिए ही कही गई है इसीलिए जो भी बोलें, सोच समझकर बोलें। अक्सर हम ऐसे शब्दों का प्रयोग कर लेते हैं जोकि हमें नहीं करने चाहिए क्योंकि एक बार जो शब्द जुबान से निकल गया, वह वापस नहीं लाया जा सकता और इसमें नुकसान हमारा ही है। हमेशा ध्यान रखना चाहिए कि ऐसे शब्दों का प्रयोग न करें जो किसी को तकलीफ दें।जैसे कम़ान से निकला हुआ तीर कभी वापिस नहीं आता, जैसे काेई पत्ता पेड़ से टूटने के बाद वापिस जुड़ नहीं सकता। ठीक वैसे ही मुँह से निकली हुई बात काे भी वापिस नहीं लिया जा सकता है, कई बार हम बोलते कुछ हैंं और सामने वाला समझ कुछ और जाता है, इसका कारण है हमारे शब्द। जो भी कहें,साफ शब्दों में कहेें।जो बात हमने बाेल दी वाे न ताे वापिस हाे सकती है, न बदली जा सकती है। एक बार आपकी बात से किसी का मन दु:खित हाे गया तब आप लाख उसे सुधारना चा...

आखि़र क्यूँ?

आए दिन अखबार के किसी कोने में देखने को मिल रहे है। कभी किसी ने परीक्षा मे फेल होने पर फांसी लगाई तो किसी ने प्यार में नाकाम होने पर किसी ने खुद को आग के हवाले कर दिया। आजकल युवाओं के भीतर सहनशक्ति में भी अत्याधिक कमी देखी जा रही है. वर्तमान समय में लगभग सभी ओर प्रतिस्पर्धा हावी हो चुकी है, जिनमें असफलता व्यक्ति को आत्महत्या करने के लिए मजबूर कर देती है। ज़ाहिर है कोई व्यक्ति अपने सुनहरे सपनों और बहुमूल्य जीवन का अंत खुशी से नहीं करेगा. अगर वे आत्महत्या जैसा कदम उठाते हैं तो इसके पीछे उनकी कोई बहुत बड़ी मजबूरी  होती है. आधुनिक भागदौड के इस जीवन में कभी न कभी हर व्यक्ति डिप्रेशन अर्थात अवसाद का शिकार हो ही जाता है। डिप्रेशन आज इतना आम हो चुका है कि लोग इसे बीमारी के तौर पर नहीं लेते और नजरअंदाज कर देते हैं। किन्तु ऎसा करने का परिणाम कभी कभी बहुत ही बुरा हो सकता है।काम की भागदौड़ में कई बार इंसान डिप्रेशन का शिकार हो जाता है यानी वह मानसिक अवसाद में आ जाता है। कई बार डिप्रेशन इतना अधिक बड़ जाता है कि व्यक्ति कुछ समय के लिए अपनी सुध-बुध खो बैठता है। पहले यह माना जाता था कि पारिवारिक...