मैंने अपने अध्यापन के पेशे में जिंदगी के कई साल बिताए हैं।
रोज़ लगभग सैकड़ों विद्यार्थियों और अभिभावकों से मिलना होता है।
और जब भी मैं अभिभावकों से मिलती हूं, तो मुझे कुछ बातें बहुत आम बाते सुनने को मिलती हैं।
"हम चाहते हैं ये डॉक्टर बने"
"अभियंता बने"
"व्यापारी बने"
बस यही सब।
उम्मीद बड़ी है तो मेहनत भी बड़ी चाहिए
मैं मानती हूं कि माता-पिता की अपने बच्चों से उम्मीदें होती हैं।
लेकिन जब आपकी उम्मीदें इतनी बड़ी हैं, तो आपको मेहनत भी उतनी ही करनी होगी।
जब मैं ये बात कहती हूं तो लगभग हर अभिभावक का जवाब एक जैसा ही होता है:
"हमारी बात तो सुनता ही नहीं है"
"मोबाइल ही देखता रहता है"
"पढ़ने बिठा नहीं पाते"
"घर में बहुत काम है, फुर्सत नहीं"
"ट्यूशन लगाई है, कोचिंग भेज रहे हैं"
"हजारों रुपए खर्च करके ऑनलाइन बैच दिलाया है"
"बच्चा इतना व्यस्त है कि पढ़ने का समय ही नहीं है"
मैं मानती हूं कि ये बातें सच भी हो सकती हैं।
लेकिन क्या इन सब के बाद आप बच्चे से उम्मीद कर सकते हैं कि वो अपने भविष्य के बारे में गंभीरता से सोचेगा?
पहले बच्चे को समझिए
1. *उससे पूछिए उसे क्या बनना है?* किस रास्ते जाना है? कहां उसकी रुचि है।
2. *उस पर अपने सपने मत थोपिए।* आपको डॉक्टर बनना था, आप नहीं बन पाए। कोई बात नहीं।
लेकिन अब उस बच्चे से उम्मीद मत कीजिए कि वो आपका सपना पूरा करेगा।
आपके सपने आपकी जिम्मेदारी थे, आपकी किस्मत थी। उसे उसके सपनों में रंग भरने दीजिए।
3. *रोज़ ये मत बोलिए* कि "तू नहीं करता", "व्यस्त है", "थक जाता है"।
आप बोलेंगे तो उसे थकान नहीं भी होगी तब भी वो नहीं पढ़ेगा।
क्योंकि आपने उसके मन में ये बैठा दिया है कि उसने आज बहुत काम कर लिया।
एहसान मत गिनाइए, जिम्मेदारी निभाइए
मैंने कई अभिभावकों को देखा है जो बच्चे को एहसान गिनाते हैं -
"हम तुम्हारे लिए ये कर रहे हैं, वो कर रहे हैं, तुम्हारी जरूरतें पूरी कर रहे हैं"
अरे भाई, वो आपका बच्चा है। उसकी हर जरूरत पूरी करना आपकी जिम्मेदारी है।
ये एहसान नहीं है।
हां, बच्चों की भी जिम्मेदारी होती है। लेकिन उसकी जिम्मेदारी की उम्र तो आने दीजिए।
एक पहली-दूसरी कक्षा के बच्चे से आप कैसे कह सकते हैं कि "हम तुम्हारी पसंद की चीज लाकर दे रहे हैं और तुम्हें कदर नहीं"?
मुझे पता है कई लोग सोचेंगे कि ऐसा नहीं होता।
लेकिन मैं सच कहती हूं, मैं ऐसे अभिभावकों से मिली हूं।
बस थोड़ा समय दीजिए
1. रोज़ बात कीजिए। उसके सुख-दुख के बारे में।
न कि सिर्फ ये याद दिलाइए कि आज कहां-कहां से शिकायत आई।
2. उसकी कॉपी-किताबें खोलकर देखिए।
मैं देखती हूं कि आजकल अभिभावक बच्चों का बैग तक नहीं खोलते।
महंगी कॉपी-किताबें लाकर दे रहे हैं, पर कभी खोलकर नहीं देखते। कॉपियां खाली पड़ी हैं। इतनी गलतियां होती हैं मगर कोई देखने वाला नहीं।
गरीब से गरीब इंसान भी अपने बच्चे को अच्छे विद्यालय में डाल रहा है।
मोटी फीस चुका रहा है। और इतना सब करके भी बच्चे बहुत पीछे रह जा रहे हैं। कभी सोचा है ऐसा क्यों ???
दुख होता है।
मगर गलती किसकी है?
गलती हमारे समाज की है जिसने अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को ही "अच्छी पढ़ाई" की परिभाषा समझ लिया।
गलती उन माँ-बाप की है जिन्हें लगता है सिर्फ शुल्क भर देने से बच्चा पढ़ जाएगा।
गलती उन विद्यालयों की है जो पढ़ाई का पैसा लेकर पढ़ाई के अलावा सब करवा रहे हैं।
गलती हम सबकी है जो अपने देश के भविष्य को संवारने वाले इन नन्हें बच्चों के लिए कुछ भी नहीं कर पा रहे।
मैंने ना जाने कितने ही अच्छे बच्चों को माता-पिता की उम्मीदों पर खरा न उतर पाने की वजह से असफल होते हुए देखा है।
समाज के इन नए नियमों से लड़ते हुए बिखरते हुए देखा है।
कभी माँ-बाप के एहसानों को चुकाने के लिए अपने सपनों को मारते हुए देखा है।
कई इतने प्रतिभाशाली बच्चों को रुकते हुए देखा है जिन पर अगर उनके घरवाले थोड़ी सी मेहनत कर लेते तो शायद ये सितारे भी आज कहीं चमक रहे होते।
कई ऐसे बच्चों को अंदर ही अंदर घुटते देखा है जो कभी अपने दिल की बात अपने घर वालों को नहीं समझा पाए।
कई ऐसे बच्चों को देखा है जो पैसों की तंगी की वजह से आगे नहीं बढ़ पाए और कई ऐसे बच्चों को भी देखा है जिनको घर से इतना पैसा दे दिया गया कि उन्हें ये भी नहीं पता चला कि उस पैसे को वो खर्च कहां करें और फिर उसे गलत रास्तों में खर्च कर भटकते हुए देखा है।
मैंने हर बच्चे को समझना चाहा है और हर बच्चे को समझते हुए देखा है।
आप एक बार कोशिश करके देखिए।
बच्चे समझते हैं, अगर कोई उन्हें समझे और फिर समझाना चाहे।
अगर आप चाहते है कि आपका बच्चा आगे बढ़े तो उसकी उंगली भी आपको ही थामनी होगी।
आपको क्या लगता है? क्या आजकल अभिभावक बच्चों की सुन पा रहे हैं या बच्चे बड़ों को समझा नहीं पा रहे???
टिप्पणी में जरूर बताइएगा।
---
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें