कुछ दिन पहले एक बच्चा रो रहा था।
उसकी माँ उसे डांटते हुए बोली, "क्या लड़कियों की तरह रो रहा है? तू तो मेरा मजबूत बेटा है।"
वहाँ खड़ी उसकी बहन भी चुप थी। उसकी कुछ सहेलियाँ भी।
शायद वो बच्ची अभी इस बात को नहीं समझ सकी।
पर मैं समझ सकती हूँ।
क्योंकि मैं जानती हूँ कि उस माँ ने किस पौधे को पानी देने से इनकार कर दिया है।
सवाल ये है - क्या ये सही है?
क्या रोने का हक सिर्फ लड़कियों को है?
क्या रोना या अपनी भावनाएं जताना कमजोरी की निशानी है?
विज्ञान क्या कहती है?
मैं एक विज्ञान की छात्रा हूँ। और जहाँ तक मैंने समझा है, रोना भी एक भावना है।
क्या कभी हम किसी से कहते हैं "तुम लड़के हो तो हँसो मत"?
या "तुम लड़के हो तो खुश मत हो"?
नहीं ना? क्योंकि ये भी भावना है।
तो रोना कैसे सिर्फ लड़की की भावना हो गया?
क्या लड़के का दिल नहीं दुख सकता?
क्या वो अपनी परेशानी किसी से नहीं बाँट सकता?
किसने बनाए हैं ये नियम?
अगर देखा जाए तो लड़के भी उतना ही संघर्ष करते हैं जितना लड़कियाँ। बस फर्क ये है कि उनके संघर्ष अलग होते हैं।
उन्हें बचपन से ही समझा दिया जाता है:
"तुम लड़के हो। तुम्हें सब अच्छा ही करना है।"
"आगे जाकर घर का मुखिया बनना है।"
"अच्छी नौकरी लेनी है। कारोबार करना है।"
"घर में बहन है तो उसकी शादी करानी है।"
"बूढ़े माँ-बाप का ध्यान रखना है।"
और जब वो बड़ा होता है तो उसके ऊपर "सफल" होने की तलवार लटक रही होती है।
लड़की अगर पढ़-लिखकर नौकरी ना करे तो लोग कहते हैं "अच्छा है, घर पर रहो।"
पर अगर लड़का कुछ दिन भी घर में बैठ जाए तो उसे "निकम्मा, नाकारा" जैसे नामों से पुकारा जाता है।
समाज उसे असफल होने का हक ही नहीं देता।
और अगर वो किसी से बात करना भी चाहे तो लोग उसे परखते हैं।
कभी पीठ पीछे, कभी सामने ही।
एक मशीन बनकर रह जाता है एक लड़का।
नौकरी करने बाहर चला गया तो हर रोज उसकी जिंदगी एक संघर्ष है। घर के काम उसे कभी सिखाए नहीं और जब वो खाने पीने और साफ सफाई जैसे कामो को नहीं सम्भाल पाता तो चलो शादी कर देते हैं....मतलब एक और जिम्मेदारी
घर भी देखना है। पत्नी-बच्चे भी देखने हैं। उनकी जरूरतें भी पूरी करनी हैं।
खुद की हर तकलीफ भूलकर वो बस परिवार की जरूरत पूरी करने वाली एक मशीन बनकर रह जाता है।
वो लड़का जो कभी क्रिकेट और दूसरे खेलों में घंटों गुजार देता था,
आज उसे खुद के साथ फुर्सत से बैठने का वक्त नहीं मिलता।
शादी, बीमारी, घूमना, उत्सव, जन्मदिन, उपहार, घर का काम...
हर वक्त उसे बस यही सब उधेड़बुन में लगा रहना पड़ता है।
और इन सबके बाद भी अगर वो दिल हल्का करने दो आँसू बहा ले तो "कमजोर है"।
"छोटी-छोटी बात पर रोता है"।
बात यहीं खत्म नहीं होती, दिन-रात एक करके घर में पैसा लाने वाला वो लड़का भी कभी मुस्कुराता था।
वो भी कभी सुकून से माँ की गोद में सर रखकर सोना चाहता था।
वो भी कभी भाई-बहनों से अपना दुख बाँटना चाहता था।
पर उसे ये सब करने का मौका ही नहीं मिल पाता।
वो अपनी जिम्मेदारियों के बोझ में दबकर जैसे थकना भी भूल जाता है।
काश कि हम समझ पाते कि लड़का भी इंसान ही होता है।
उसकी भी भावनाएं होती हैं।
उसे भी ताने बुरे लग सकते हैं।
उसे भी रोना आ सकता है।
आज से अपने भाई, बेटे, दोस्त... जो भी हैं,
उनसे उनके दिल की बात सुन लीजिए।
बिना उन्हें परखे।
क्योंकि वो किसी के साथ अपनी जिम्मेदारियाँ नहीं बाँटते,
पर अपना सुख-दुख बाँटने का हक तो रखते हैं ना?
आप क्या सोचते हैं इस बारे में?
क्या आपने कभी किसी लड़के को खुलकर रोते देखा है?
टिप्पणी में जरूर बताइए।
---
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें