सुबह-सुबह जब मोहल्ले की गलियों में कचरा गाड़ी की धुन गूंजती है, तो यह केवल सफाई का संदेश नहीं देती, बल्कि हमारे बदलते भारत की तस्वीर भी दिखाती है।
बीते कुछ वर्षों में 'स्वच्छ भारत अभियान' ने देश में स्वच्छता को लेकर एक नई चेतना जगाई है। जिन सड़कों और चौराहों पर कभी कूड़े के ढेर आम बात हुआ करते थे, वहाँ आज साफ-सफाई और सुंदरता देखने को मिलती है।
11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26' समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सागर नगर निगम को तृतीय पुरस्कार यानी तीसरा स्थान से सम्मानित किया। यह हमारे शहर के लिए गर्व की बात है।
मगर इसी के साथ यह सवाल भी खड़ा होता है कि क्या हम इस पुरस्कार के लायक व्यवहार कर रहे हैं?
क्या केवल सरकारी प्रयासों, नगर निगम की गाड़ियों या सफाई कर्मचारियों के भरोसे हम एक पूर्णतः स्वच्छ समाज का निर्माण कर सकते हैं? इसका सीधा उत्तर है - नहीं।
स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान या फोटो खिंचवाने का माध्यम नहीं, बल्कि हमारे रोज़मर्रा के आचरण का हिस्सा होनी चाहिए।
विडंबना यह है कि आज भी हम अपने घर का कोना-कोना तो चमका कर रखते हैं, लेकिन घर का कचरा बाहर सड़क या खाली प्लॉट में फेंकने से नहीं हिचकते। सार्वजनिक पार्क हो, अस्पताल हो, शहर का मुख्य बाजार हो या आसपास की कोई भी जगह - तो हर जगह लोग गुटखे के पाउच, खाने के पैकेट, चाय के डिस्पोजल कप, प्लास्टिक बोतल, नैपकिन, पान की पीक, कागज के टुकड़े बेधड़क सड़क किनारे फेंक देते हैं। और किनारे पर डालने से खुद को सभ्य नागरिक भी मान लेते हैं कि हमने बीच सड़क पर तो नहीं डाला।
चलती गाड़ी से पानी की खाली बोतल या चिप्स का पैकेट बाहर उछाल देना, सार्वजनिक स्थानों को गंदा करना और डस्टबिन पास होने के बावजूद कचरा बाहर फेंकना आम बात है,वही कचरा जानवर खाते हैं। कचरे के नालियों में फंस जाने से पानी रुक जाता है, जिससे बीमारियां फैलती हैं। अस्पतालों में भी मरीज के परिजन जब तक वहां रुकते हैं तब तक अस्पताल के कोनों को एक सार्वजनिक कूड़ादान समझते हैं।
त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के बाद सड़कों पर बिखरा प्लास्टिक और कचरा हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि नागरिक जिम्मेदारी के मामले में हमें अभी लंबा सफर तय करना है।
जब किसी मंत्री के आने पर सफाई होती है तो लोग ताना मारते हैं - "देखो, आम आदमी के लिए सफाई नहीं हुई, आज मंत्री जी आ रहे हैं तो सफाई हो गई"। अरे भाई, सफाई किसी के भी आने से हुई हो, मगर हुई तो है। अब उसे वैसे ही साफ बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है।
हमें लगता है अगर जुर्माना लगेगा तो लोग सुधर जाएंगे। मगर फिर भी रोना यही रोएंगे कि सरकार हमसे इस बात का भी पैसा वसूल रही है। हम कब तक अपनी आदतों का जिम्मा दूसरों पर थोपते रहेंगे? कब तक कहेंगे कि विदेशों में कितनी सफाई है और हमारे देश में गंदगी है। हमें कब समझ आएगा कि ये गंदगी कोई और नहीं कर रहा। ये हम ही कर रहे हैं। और हमें देखकर हमारी आने वाली पीढ़ी यही सीख रही है।
आप जब भी किसी बच्चे को रोड पर पैकेट फेंकने से मना करोगे तो वो तपाक से बोलेगा - "इतने सारे तो पड़े हैं, एक मैंने डाल दिया तो क्या फर्क पड़ गया?" अब उसे कैसे समझाएं कि फर्क पड़ता है। बहुत फर्क पड़ता है।
इसलिए बेशक खुश होइए कि हमें ये पुरस्कार मिला है। मगर इसके साथ खुद से एक वादा कीजिए कि हम अपने शहर को तीसरे स्थान से पहले स्थान पर लेकर जाएंगे। किसी पुरस्कार के लिए नहीं, बल्कि अपने शहर, अपने देश के लिए। जब हर नागरिक यह ठान लेगा कि वह न तो खुद गंदगी फैलाएगा और न ही किसी को फैलाने देगा, तभी 'स्वच्छता अभियान' एक सरकारी योजना से ऊपर उठकर सच्चे अर्थों में एक जन-आंदोलन बनेगा। स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा, जब सफाई हमारी मजबूरी नहीं, बल्कि हमारी पहचान बन जाएगी।
हम सफाई को अपनी आदत बनाएंगे ताकि हम भी सुरक्षित रहें और हमारी आने वाली पीढ़ी भी। कल को विदेश से कोई बच्चा आए तो अपने देश जाकर कहे कि भारत में कितनी सफाई है। असली बदलाव तब आएगा जब स्वच्छता हमारे स्वभाव में शामिल होगी।
इसके लिए हमें अपने स्तर पर कुछ छोटे लेकिन ठोस कदम उठाने होंगे। घर से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत डालनी होगी ताकि उसका सही निस्तारण हो सके। सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करके कपड़े के थैले अपनाने होंगे। सार्वजनिक जगह पर कचरा दिखे तो उसे उठाकर डस्टबिन में डालने की हिम्मत रखनी होगी। और सबसे महत्वपूर्ण, बच्चों को बचपन से ही यह सिखाना होगा कि सार्वजनिक स्थान भी हमारे अपने घर जितने ही सम्मान के हकदार हैं।
आइए, हम अपने घर की तरह अपने शहर को चमकाएं और सही मायनों में पढ़े-लिखे कहलाएं। हम सिर्फ सरकार को दोष ना दें, बल्कि अपना फर्ज निभाएं और अपने और अपनी आने वाली पीढ़ी के लिए एक स्वच्छ वातावरण बनाएं। तभी ये पुरस्कार सही मायनों में सार्थक होगा।।
लेखिका: हुमा खान
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें