स्कूल के गेट पर 5वीं का अंश खड़ा था। बैग कंधे पर, आँखों में थकान। मैं वहां से गुजर रही थी तो रुक कर उससे हाल चाल पूछा।
दबी जुबान से बोला - "मैम, एक बात पूछूं? हम स्कूल पढ़ने जाते हैं या बस कॉपी भरने?"
मैं हंस दी। कहा - "क्यों बेटा?"
वो बोला - "क्योंकि मैम, पढ़ाई तो होती ही नहीं। सिर्फ़ रट्टा लगवाते हैं। 30 मिनट बाद सब भूल जाते हैं।"
उस दिन के बाद से ये सवाल मेरे दिमाग में घूम रहा है।
मैंने टीचिंग से अपना सफर शुरू किया था, बहुत छोटी उम्र में।
तब से आज तक मैं बच्चों से ही जुड़ी ही रही हूं। प्राइमरी से कॉलेज तक।
इसलिए मुझे पता है - जब बच्चा अकेला पड़ जाता है, उसे सुनने वाला कोई नहीं होता, तो वो गलत रास्ता चुन लेता है।
इसीलिए मैंने ठान लिया था - जो भी बच्चा मेरे पास आए, वो बेधड़क अपनी बात कह सके।
पर आजकल जो मैं सुन रही हूँ, वो डरा रहा है।
बच्चे कहते हैं - "मैम, स्कूल में पढ़ाई नहीं होती। 2-4 चैप्टर करा दिए जाते हैं, बाकी खुद कर लो। शिकायत करो तो हमें ही डांट पड़ती है।"
मम्मी-पापा कहते हैं - "कुछ बनकर दिखाना है।" पर बनेंगे कैसे?
मैं खुद देखती हूँ बच्चों की कॉपी।
ना जाने कितनी गलतियाँ होती हैं, फिर भी लाल पेन से बड़ा सा "सही" का निशान लगा दिया जाता है।
कई बार तो प्रश्न कुछ और होता है और उत्तर कुछ और लिखा होता है, फिर भी "सही"।
बस साइन करो और आगे बढ़ो।
बच्चे ने किताब से देखकर डायग्राम बना दिया। उसे ये तक नहीं पता कि वो प्रक्रिया हो कैसे रही है।
होशियार बच्चे किसी तरह समझ भी लेते हैं। पर जिन्हें पढ़ने में थोड़ी कठिनाई है, वो जूझते रहते हैं।
और आखिर में ये मान लेते हैं कि "पढ़ाई ऐसे ही होती है।"
कई ऐसे घरों के बच्चों को जानती हूँ जो फीस बड़ी मुश्किल से भर पा रहे हैं।
माँ-बाप अपनी ज़रूरतें मार रहे हैं इस सोच के साथ कि "बच्चा कल को कुछ बन जाएगा तो पैसे तो फिर आ जाएंगे।आज इसका भविष्य बनाना जरूरी है।"
पर कैसे बताऊँ उन्हें... आपके बच्चे अपकी उम्मीदो और शिक्षा तंत्र की नाकामियों के बीच में फंसकर रह गए हैं।
कल ही की बात है। एक चौथी क्लास का बच्चा।
न हिंदी के स्वर-व्यंजन आते हैं, न ABCD याद है, न लिखना आता है।
पढ़ना तो बहुत दूर की बात है।
और ये बच्चा चौथी तक कैसे पहुंच गया, मुझे खुद समझ नहीं पा रही हूं।
या तो उसे पास करना गलत मान लीजिए।
या ये मान लीजिए कि उसे बिना सिखाए आगे भेजना गलत था।
पर सवाल करें तो किससे करें? जवाबदेही लेने वाला कोई हो तो बोलें न!!
ये बात मैं हर स्कूल, हर बच्चे और हर माता-पिता के बारे में नहीं कर रही हूँ।
अभी भी बहुत से अच्छे शिक्षक हैं, अच्छे स्कूल हैं और जागरूक माता-पिता हैं।
पर ज़्यादातर सच्चाई यही है। और अगर ये कुछ बच्चो के जीवन का भी सच है, तब भी इसके बारे में बात करना उतना ही आवश्यक है जितना सारे बच्चों के भविष्य के बारे में।।
सोचिए, कल को यही बच्चे तो डॉक्टर बनेंगे, इंजीनियर बनेंगे।
पर जब इन्हें रट्टे के अलावा कुछ सिखाया ही नहीं गया, तो ये ज़िम्मेदारी कैसे संभालेंगे?
खुद की किस्मत को कोसते रहेंगे कि पढ़ लिख कर भी कोई काम नहीं मिल रहा।
माता-पिता को बस नंबर चाहिए। स्कूल को बस एडमिशन चाहिए।
बीच में पिस रहा है बच्चा।
ये अल्फा जेनरेशन है। ये अभी से समझ गए हैं कि सिस्टम में कुछ गड़बड़ है।
एक बच्चे ने पूछा - "पढ़ाई की कीमत ही नहीं है मैम, तो हम पढ़ें क्यों?"
बच्चों को तो क्या ही समझाएं, समझने की जरूरत तो हम और आप को है।
समाधान सीधा है।
बच्चे को अवधारणा समझाइए, नंबर के पीछे मत दौड़ाइए।
उसकी कॉपी देखिए, गलती सुधारिए, "सही" का झूठा निशान मत लगाइए।
उसकी किताब देखिए, "ग्रीन डे" "ब्लू डे" की ड्रेस नहीं।
त्योहार घर में मनाइए। स्कूल को स्कूल रहने दीजिए - पढ़ाई और खेल का केंद्र।
अगर आज नहीं चेते, तो कल बहुत देर हो जाएगी।
क्योंकि कल के डॉक्टर, टीचर, इंजीनियर - आज के यही बच्चे हैं।
आपकी राय क्या है? क्या आपके स्कूल में भी ऐसा होता है? कमेंट में ज़रूर बताइए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें